दुपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने युवाओं में लोकप्रिय अपने मोटो-स्कूटर Dio का 2017 संस्करण पेश किया जिसकी दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत 49,132 रुपये है। कंपनी ने बताया कि Dio को नये स्टाइल, रंग, सुविधाओं और बीएस-4 मानक पर ऑटोमैटिक हेडलैंप ऑन (एएचओ) के साथ पेश किया है। इसका इंजन 109 सीसी का है।
कंपनी ने वर्ष 2002 में Dio लांच किया था। इसे मोटरसाइकिल और स्कूटर का मिलाजुला रूप दिया गया था। कंपनी का कहना है कि यह घरेलू बाजार में तीसरा सबसे ज्यादा बिकने वाला और भारत से सबसे ज्यादा निर्यात किया जाने वाला स्कूटर है।
कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) यादविंदर सिंह गुलेरिया ने बताया कि 2017 संस्करण में Dio का स्टाइल पूरी तरह बदल दिया गया है। इसकी बॉडी दो रंगों में है तथा ग्राफिक्स स्पोर्टी बनाये गये हैं। साथ ही इसे दो नये रंगों में भी पेश किया गया है। इसमें मोबाइल चार्जिंग शॉकेट की सुविधा भी है।
