क्रिकेट मैदान में अपने जलवे बिखेरने वाले माही यानी महेंद्र सिंह धोनी लगता है बड़े पर्दे पर भी कमाल दिखाने वाले हैं. शायद यही वजह है कि उनकी आने वाली फिल्म 'एमएस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी' का यूट्यूब पर ट्रेलर लॉन्च होने के बाद हर घंटे इसे दो लाख से ज्यादा लोग देख रहे हैं.
इस माह 30 सितंबर को नीरज पांडे द्वारा निर्देशित बायोपिक 'एमएस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी' स्टोरी रिलीज हो रही है. इसमें धोनी की भूमिका सुशांत सिंह राजपूत ने निभाई है.
फिल्म का मोशन पोस्टर काफी पहले आ चुका था. अब फिल्म की रिलीज से तकरीबन सात सप्ताह पहले इसके निर्माता यानी फॉक्स स्टार स्टूडियो द्वारा यूट्यूब पर इसका ट्रेलर बृहस्पतिवार 11 जुलाई को रिलीज किया गया. इस फिल्म के ट्रेलर रिलीज पर धोनी ने भी ट्वीट कर इसका लिंक शेयर किया.
3 मिनट के इस ट्रेलर को रिलीज होने के बाद से खबर लिखे जाने तक 55 लाख 65 हजार से ज्यादा लोग देख चुके थे. यानी 24 घंटे से ज्यादा वक्त में इसे हर घंटे करीब दो लाख यूजर्स देख रहे हैं.
फिल्म के ट्रेलर को बॉलीवुड और क्रिकेट के तमाम दिग्गजों द्वारा सराहा गया है. फिल्म में धोनी के जीवन की उस हकीकत को दिखाया गया है जो दुनिया नहीं जानती. कैसे रेलवे का टिकट कलेक्टर क्रिकेट में अपना करियर बनाता है और टीम का कप्तान बनने के बाद एक के बाद एक रिकॉर्ड बनाता जाता है.
इस बीच आने वाली चुनौतियां कैसे उसे सफलता से दूर करती हैं और वो कैसे इन चुनौतियों से निपटकर खुद को साबित करता है, काफी रोमांचक ढंग से दिखाया गया है.