![]() |
| Salman Khan |
बॉलीवुड सुपर स्टार सलमान खान अपने वादे से नहीं मुकरे। रियो ओलिंपिक में हिस्सा लेकर लौटे हर भारतीय खिलाड़ी को सलमान वो तोहफा देने जा रहे हैं जिसका उन्होंने ओलिंपिक के दौरान वादा किया था।
गौरतलब है कि भारतीय ओलिंपिक दल के गुडविल एम्बेस्डर के रूप में जब सलमान खान ने रियो
ओलिंपिक के लिए भारतीय खिलाडिय़ों के दल को रवाना किया था, उसके बाद ट्विटर पर एक वादा भी कर डाला था। उन्होंने कहा था कि वो रियो ओलिंपिक के बाद भारतीय दल के हर खिलाड़ी को 1.01 लाख रूपए का तोहफा देंगे। अब खबर है कि सलमान ने भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) से रियो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाले हर भारतीय खिलाड़ी की जानकारी मांगी है ताकि वो उन तक अपना तोहफा पहुंचा सकें। 117 भारतीय एथलीटों के हिसाब से ये पूरी रकम तकरीबन 1 करोड़ 18 लाख 17 हजार रुपए होगी।
आईओए महासचिव राजीव मेहता ने बुधवार को कहा, सलमान खान ने सोमवार को मुझे पत्र भेजा था जिसमें उन्होंने ओलिंपिक भारतीय दल का गुडविल एम्बेस्डर बनाए जाने के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने रियो से लौटे हर भारतीय ओलिंपियन की जानकारी मांगी है, जैसे पैन नंबर। उन्होंने पत्र में लिखा है कि वो हर खिलाड़ी को एक लाख एक हजार रूपए देना चाहते हैं। वो हमको हर खिलाड़ी के लिए चेक भेज रहे हैं ताकि हम खिलाडिय़ों तक इसको पहुंचा सकें।
