वेस्टइंडीज के विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल आज (21 सितंबर को) 37 वर्ष के हो गए। टी-20 के बादशाह गेल अपनी तड़क-भड़क वाली लाइफ स्टाइल के लिए जाने जाते हैं और वे अपने जन्मदिन का जश्न तो हफ्तेभर पहले से मना रहे हैं। कुछ समय पहले ही अपनी आत्मकथा 'सिक्स मशीन' लॉन्च करने वाले गेल इन दिनों क्रिकेट से दूर है, लेकिन वे सुर्खियों में तो सदा बने ही रहते हैं।
ऐसा नहीं है कि गेल का जलवा सिर्फ तूफानी क्रिकेट (टी-20) में ही है, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भी ऐसी उपलब्धि हासिल की है जिसके बारे में आप सोच नहीं सकते हो। सर डॉन ब्रैडमैन के साथ गेल दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल है जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट मंं दो तिहरे शतक लगाए हैं। गेल टेस्ट क्रिकेट में वापसी की बात कर रहे हैं तो उनके फैंस को क्रिकेट के इस पारंपरिक प्रारूप में उनसे करिश्मे की उम्मीद रहेगी।
ट्वेंटी-20 क्रिकेट के बेताज बादशाह गेल
18: गेल के नाम 18 टी-20 शतक दर्ज है जबकि दूसरे स्थान पर काबिज ब्रेंडन मॅक्कुलम के नाम 7 शतक हैं।
78 : टी-20 क्रिकेट में गेल के नाम इतनी फिफ्टी दर्ज है जबकि दूसरे स्थान पर चल रहे डेविड वॉर्नर अभी 59 अर्द्धशतक ही लगा पाए हैं।
30 गेंद: टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड गेल के नाम पर हैजबकि एंड्रयू साइमंड्स ने 34 गेंदों में सेंचुरी पूरी की है।
12 गेंद: ट्वेंंटी-20 क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी 12 गेंदों में पूरी करने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से क्रिस गेल और युवराज सिंह के नाम दर्ज है।
707: टी-20 क्रिकेट में गेल ने सबसे ज्यादा छक्के लगाए, जबकि किरोन पोलार्ड 415 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर है।
742: क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा चौके भी गेल ने ही लगाए है। उनके बाद डेविड वॉर्नर (692) दूसरे स्थान पर है।
9668: टी-20 क्रिकेट में गेल दस हजारी बनने के करीब पहुंच रहे हैं। ब्रेड हॉज 7052 रनों के बाद दूसरे स्थान पर है।
175: टी-20 क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड भी गेल के नाम पर है जो उन्होंने आईपीएल में आरसीबी की तरफ से पुणे वॉरियर्स के खिलाफ बनाया था। हेमिल्टन मसाकाद्जां 162 रनों के साथ दूसरे स्थान पर है।
