बॉक्स आफिस पर जबरदस्त व्यवसाय करने वाली हालिया रिलीज हुई फिल्म 'पिंक' के क्रिएटिव निर्माता शूजीत सरकार चाहते हैं कि फिल्म को मनोरंजन कर मुक्त किया जाए। शूजीत सरकार का कहना है कि इस मामले में हमने अरविन्द केजरीवाल सरकार के साथ ही केन्द्र सरकार से भी प्रार्थना की है।
हाल ही में शूजीत सरकार ने अपनी इस फिल्म का एक विशेष शो कुछ मंत्रियों के लिए आयोजित किया था, जिनको यह फिल्म पसन्द आई है। और अब इस फिल्म की सूचना और प्रसारण मंत्रालय के लिए विशेष स्क्रीनिंग की जाएगी।
अदालती कार्यवाही पर आधारित इस फिल्म ने प्रथम तीन दिन में 21 करोड से ज्यादा की कमाई करके ट्रेड को हैरान कर दिया है। इस फिल्म से वीकएंड में इतनी कमाई की उम्मीद स्वयं इसके निर्माताओं, सितारों और निर्देशक को भी नहीं थी। शूजीत के मुताबिक, बॉक्स ऑफिस पर कमाई महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि दर्शकों का प्यार मायने रखता है।
उन्होंने कहा कि 'पिंक' को कितने स्टार मिले हैं ये मेरे के लिए मायने नहीं रखते हैं। मैं इस बारे में नहीं सोच रहा हूं कि फिल्म ने कितनी कमाई की। फिल्म ने कितना कारोबार किया, इसको लेकर भी मैं परेशान नहीं हूं। मीडिया और दर्शकों का बहुत प्यार मेरे लिए मायने रखता है।
