रिलायंस जियो के धमाकेदार ऑफर्स से मिल रही कड़ी टक्कर के बाद दूरसंचार सेवा देने वाली कंपनी वोडाफोन ने अपने ग्राहकों को जोड़े रखने के लिए अब एक और खास योजना लॉन्च की है. कम कीमत के मासिक डेटा पैक्स की इस सीरीज को 'बड़ा डेटा छोटा प्राइस' नाम दिया गया है. इसकी कीमत दिल्ली में 24 रुपए से शुरू होती है और यह 30 दिन की वैलिडिटी के साथ उपलब्ध है.
कंपनी की इस स्कीम के तहत दिल्ली में 24 रुपए में 60 एमबी और 37 रुपए में 120 एमबी डेटा का इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, पैक की कीमत सर्कल के अनुसार तय की गई है. लॉन्च के मौके पर वोडाफोन इंडिया के चीफ कॉमर्शियल ऑफिसर संदीप कटारिया ने कहा कि हम उपभोक्ताओं के लिए डेटा को किफायती एवं सुलभ बनाना चाहते हैं. हमारा यह कदम पहली बार ऑनलाइन आने वाले उपयोगकर्ताओं को डेटा के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करेगा. यह डेटा के इस्तेमाल को बेहतर बनाकर देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा.
