पहली बार आइपीएल में शिरकत कर रहे अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज़ राशीद खान ने गुजरात के खिलाफ भी अपनी फिरकी का जौहर दिखाया। राशीद खान ने की फिरकी के आगे गुजरात लायंस के सभी बल्लेबाज़ फेल रहे। राशिद खान इस टूर्नामेंट में अभी तक सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं और इसलिए पर्पल कैच भी उन्हीं के सिर पर सजी हुई है।
अफगानिस्तान के इस फिरकी गेंदबाज़ ने आइपीएल के अपने दूसरे मैच में गुजरात लायंस के 3 अहम बल्लेबाज़ों का शिकार किया। राशीद ने ना सिर्फ विकेट लिए बल्कि गुजरात की रन गति पर भी लगाम लगा दी। राशीद खान ने गुजरात के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके।
राशिद खान की फिरकी में फंसे गुजरात के धुरंधर
राशिद खान की फिरकी में फंसे गुजरात के धुरंधर
डेविड वॉर्नर ने राशीद खान को गेंद थमाई और इस गेंदबाज़ ने अपने पहले ही ओवर में खतरनाक ओपनिंग बल्लेबाज़ ब्रैंडन मैकुलम (05) को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। एक विकेट लेने के बाद तो जैसे राशिद खान के मुंह खून लग गया। अपने दूसरे ओवर में राशिद ने ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज़ एरॉन फिंच (03) को एलबीडब्ल्यू आउट कर दूसरा बड़ा झटका दिया। इससे भी राशिद खान का दिल नहीं भरा अपने तीसरे ओवर में उन्होंने गुजरात के कप्तान सुरेश रैना (05) को एलबीडब्ल्यू आउट कर गुजरात की टीम की कमर तोड़ दी।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अफगानिस्तान के इस फिरकी गेंदबाज़ को 4 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस सीज़न के पहले मैच में बैंगलोर के खिलाफ भी 2 विकेट झटके थे। इस मुकाबले में राशिद ने मनदीप सिंह और ट्रेविस हेड को पवेलियन की राह दिखाई थी।
