स्टेन ने 5 विकेट लिए, दक्षिण अफ्रीका की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत
तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने अपने कॅरियर में 26वीं बार एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया जिससे दक्षिण अफ्रीका ने यहां न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच 204 रन से करारी शिकस्त देकर दो मैचों में सीरीज 1-0 से जीती। स्टेन ने 33 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि वर्नोन फिलैंडर और कैगिसो रबादा ने दो- दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया जिससे 400 रन के मुश्किल लक्ष्य के सामने न्यूजीलैंड की 195 रन पर ढेर हो गई। अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 481 रन पर समाप्त घोषित करने वाले दक्षिण अफ्रीका ने सुबह अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 132 रन पर समाप्त घोषित कर दी थी। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 214 रन बनाए थे।
बड़े लक्ष्य के सामने न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने चोटी के चार विकेट 19 गेंद के अंदर सात रन पर गंवा दिए। इनमें कप्तान केन विलियमसन भी शामिल थे। हेनरी निकोल्स ने ऐसी विषम परिस्थितियों में 76 रन की जुझारू पारी खेली। बीजे वाटलिंग ने 32 और डग ब्रेसवेल ने 30 रन बनाये लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया। स्टेन ने निकोल्स को रबादा के हाथों कैच कराकर अपना पांचवां विकेट लिया और न्यूजीलैंड की पारी का अंत किया। दक्षिण अफ्रीका की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकाक को मैन आफ द मैच चुना गया। स्टेन ने शुरू में ही न्यूजीलैंड को करारे झटके दिये जिससे उसका स्कोर चार विकेट पर सात रन हो गया। इसके बाद निकोल्स और वाटलिंग ने 26 . 3 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया और इस बीच पांचवें विकेट के लिये 68 रन जोड़े।
